रायपुर में होली पर्व के पूर्व संचालित विशेष खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा संदिग्ध गुणवत्ता का शहद जब्त किया गया है। संबंधित महिला द्वारा 37 कंटेनरों में लगभग 550 लीटर शहद शहर लाया गया था। प्राथमिक परीक्षण के आधार पर 2.30 लाख रुपए मूल्य के उत्पाद को अधिग्रहित कर विधिक नमूने विश्लेषण हेतु प्रेषित किए गए हैं।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, अभियान के दौरान विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से मिठाई, दुग्ध उत्पाद एवं अन्य उपभोग्य वस्तुओं के नमूने संकलित किए गए। चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला द्वारा 94 नमूनों का परीक्षण किया गया, जिनमें कुछ नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए।
इसके अतिरिक्त पान दुकानों से पान मसाला एवं प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद जब्त किए गए हैं। विभाग द्वारा प्रचलित खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

