छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित लोकभवन में आज धमतरी के विद्यार्थियों ने एक प्रेरणादायक शैक्षणिक भ्रमण किया। यह पहल रमेन डेका द्वारा शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य युवाओं को प्रशासनिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं से परिचित कराना है।
इस अवसर पर धमतरी के डी.पी.एस स्कूल के विद्यार्थियों ने लोकभवन की कार्यप्रणाली को करीब से समझा और राज्यपाल रमेन डेका से आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल ने विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
उन्होंने कहा कि छात्र जीवन सबसे अहम चरण होता है, जहां से भविष्य की दिशा तय होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि सफलता पाने के लिए अनुशासन, धैर्य और कड़ी मेहनत जरूरी है। साथ ही यह भी बताया कि हर व्यक्ति की क्षमता अलग होती है, इसलिए करियर का चुनाव अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार करना चाहिए।
इस भ्रमण में 12वीं कक्षा के कुल 76 छात्र-छात्राएं (51 छात्र और 25 छात्राएं) अपने शिक्षकों के साथ शामिल हुए। छात्रों ने लोकभवन परिसर के प्रमुख स्थलों जैसे छत्तीसगढ़ मंडपम, उदंती परिसर, कन्हार परिसर, डिस्पेंसरी, सचिवालय की विभिन्न शाखाओं और हरित उद्यानों का अवलोकन किया।
भ्रमण के बाद विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह उनके लिए एक नया और यादगार अनुभव रहा। पहली बार राज्यपाल से मिलना और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को नजदीक से देखना उन्हें बेहद प्रेरणादायक लगा।
ऐसे शैक्षणिक दौरे छात्रों को न केवल नई जानकारी देते हैं, बल्कि उन्हें अपने भविष्य को लेकर जागरूक और प्रेरित भी करते हैं।

