छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर बिलासपुर के पुलिस परेड मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम का शुभारंभ कर प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण और युवाओं को हुनरमंद बनाने के प्रयासों से विकसित छत्तीसगढ़ का सपना साकार होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं, अधोसंरचना विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए काम कर रही है।
अटल बिहारी वाजपेयी को किया नमन
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़ के लोगों की भावनाओं और जरूरतों को समझते हुए अलग राज्य की सौगात दी थी।
उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को प्रदेशवासी हमेशा याद रखेंगे। उनके सपनों के अनुरूप समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ है राज्योत्सव की थीम
इस वर्ष बिलासपुर राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई। अरुण साव ने कहा कि महतारी वंदन योजना और बिहान के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
युवाओं के लिए शिक्षा और कौशल विकास के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। फैशन डिजाइनिंग जैसे क्षेत्रों में भी प्रशिक्षण और रोजगार की संभावनाएं बढ़ाई जा रही हैं। प्रत्येक जिले में नालंदा परिसर बनाने की पहल से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर जोर
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। खेल अलंकरण सम्मान फिर से शुरू किया गया है। पहली बार आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के माध्यम से दूरस्थ गांवों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।
उन्होंने मैनपाट की टीम के कक्षा 11वीं के खिलाड़ी मोहित के प्रदर्शन की सराहना की। साथ ही बहतराई खेल प्रशिक्षण केंद्र की दो बेटियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी लगातार प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
सड़क और औद्योगिक विकास से बढ़ेंगे अवसर
अरुण साव ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। बिलासपुर में कई सड़कों को स्वीकृति मिली है और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। बेहतर औद्योगिक नीति के चलते देश और दुनिया के निवेशक छत्तीसगढ़ में निवेश के प्रति रुचि दिखा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध मिल रही सफलता से विकास के नए रास्ते खुल रहे हैं। सरकार प्रदेश को अधिक खुशहाल और समृद्ध बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
समाजसेवा के लिए स्वाति दीदी सम्मानित
समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने व्यसनमुक्ति और समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाली स्वाति दीदी को सम्मानित किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया और योजनाओं, उपलब्धियों तथा नवाचारों की जानकारी ली।
महापौर पूजा विधानी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए कहा कि राज्य गठन के बाद छत्तीसगढ़ ने विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोहा
बिलासपुर राज्योत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों का दर्शकों ने देर रात तक आनंद लिया। कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पाण्डेय, सहकारी बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, संभागायुक्त सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, मुख्य वन संरक्षक मनोज पांडे और कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें – रायपुर : खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में राज्योत्सव का भव्य आयोजन, खाद्य मंत्री श्री बघेल मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल.

