छत्तीसगढ़ कॉलेज शिक्षा में बदलाव, 30 संस्थान बनेंगे उत्कृष्टता केंद्र

CG DARSHAN
5 Min Read
5 Min Read

छत्तीसगढ़ में महाविद्यालयों की शिक्षा को अधिक गुणवत्तापूर्ण और व्यावहारिक बनाने के लिए राज्य सरकार कई योजनाओं पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता, रोजगारपरक प्रशिक्षण, डिजिटल सुविधाओं और विश्वविद्यालयों के विस्तार से जुड़े कार्यों की समीक्षा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ कौशल और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने शिक्षण संस्थानों को ज्ञान, शोध, नवाचार और उद्यमिता के केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।

छत्तीसगढ़ कॉलेज शिक्षा को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप आगे बढ़ाने के साथ जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जा रही है।

30 महाविद्यालयों में बनेंगे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

राज्य के 30 महाविद्यालयों को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए चिन्हांकित किया गया है। यहां आधुनिक प्रयोगशालाएं, स्मार्ट क्लासरूम और उन्नत पुस्तकालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इन कॉलेजों में विद्यार्थियों के कौशल विकास, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और प्लेसमेंट पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। वर्तमान बजट में प्रत्येक महाविद्यालय के लिए उपकरण, सामग्री और सम्मेलन संबंधी जरूरतों हेतु 3 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

आगामी दो वर्षों में डिजिटलीकरण और निर्माण कार्यों के लिए प्रति महाविद्यालय 10 करोड़ रुपये की मांग प्रस्तावित है।

उच्च शिक्षा मिशन के लिए 50 करोड़ रुपये का बजट

वित्तीय वर्ष 2026-27 में छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा मिशन के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस राशि से राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन, शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार और उच्च शिक्षा में विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने पर काम किया जाएगा।

प्रदेश का सकल नामांकन अनुपात वर्तमान में 24.5 प्रतिशत है। इसे वर्ष 2035 तक 50 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सूचना प्रौद्योगिकी, शिक्षण व्यवस्था, करियर अवसरों और अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।

1.40 लाख विद्यार्थियों को इंटर्नशिप से जोड़ने की तैयारी

विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान व्यावहारिक अनुभव देने के लिए इंटर्नशिप संचालन नीति-2026 को राज्यपाल की मंजूरी मिल चुकी है। इसके अंतर्गत करीब 1.40 लाख स्नातक विद्यार्थियों को 60 घंटे की अनिवार्य इंटर्नशिप कराए जाने की तैयारी है।

इंटर्नशिप के लिए उद्योगों, कॉर्पोरेट संस्थानों, शैक्षणिक परियोजनाओं, स्थानीय व्यवसायों और सामुदायिक संगठनों से अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में इंटर्नशिप सेल गठित किए जा रहे हैं।

जनजातीय विद्यार्थियों को अंग्रेजी और एआई प्रशिक्षण

प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों के 148 शासकीय महाविद्यालयों में कम्युनिकेटिव इंग्लिश पाठ्यक्रम संचालित हो रहा है। इसमें 10 हजार विद्यार्थी नामांकित हैं। 90 घंटे के इस प्रशिक्षण से विद्यार्थियों की अंग्रेजी संवाद क्षमता और आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

उच्च शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए उच्च शिक्षा विभाग और Google for Education के बीच सहयोग किया गया है। पहले चरण में रायपुर जिले के 22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक प्राध्यापकों को एआई प्रशिक्षण दिया गया।

आगे प्रदेश के शासकीय और निजी महाविद्यालयों के शिक्षकों के लिए 10 अतिरिक्त निःशुल्क ऑफलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाने की योजना है।

शैक्षणिक पदों पर भर्ती और पदोन्नति की प्रक्रिया

प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में प्राध्यापक के 595 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया लोक सेवा आयोग में जारी है। इसके अतिरिक्त सहायक प्राध्यापक के 625 पद, ग्रंथपाल के 50 पद और क्रीड़ा अधिकारी के 25 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव आयोग को भेजा गया है।

इस तरह कुल 1295 शैक्षणिक पदों पर भर्ती की पहल की गई है। वहीं, 362 सहायक प्राध्यापकों को प्राध्यापक पद पर पदोन्नति दी गई है। दिसंबर में 143 पात्र सहायक प्राध्यापकों की पदोन्नति का प्रस्ताव भेजने की तैयारी है।

शैक्षणिक सत्र 2026-27 में शिक्षण कार्य जारी रखने के लिए 3236 अतिथि व्याख्याताओं की व्यवस्था की गई है।

विश्वविद्यालयों में नए विभाग और पाठ्यक्रम होंगे शुरू

अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर में 23 नए विभागों और पाठ्यक्रमों की स्थापना के लिए 280 शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक पदों का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके लिए 38.50 करोड़ रुपये की राशि प्रस्तावित है।

शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय, रायगढ़ में 49 नए शैक्षणिक पदों और संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा में बी.फार्मा तथा एम.फार्मा पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए 49 पदों के सृजन का प्रस्ताव है। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में भी 17 नए शैक्षणिक पदों की स्वीकृति मांगी गई है।

Share This Article
Leave a Comment