रायपुर में तड़के पुलिस का व्यापक सर्च ऑपरेशन: 134 गिरफ्तारी, नशा और हथियार जब्त

रायपुर में निश्चय अभियान की कड़ी कार्रवाई: 134 आरोपी पकड़े गए, अवैध नशा-शराब व हथियार बरामद

Cgdarshan
2 Min Read
2 Min Read

रायपुर में अपराध पर सख्त लगाम लगाने के लिए पुलिस ने शुक्रवार तड़के बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। ‘निश्चय अभियान’ के तहत सुबह 4 बजे से जिलेभर में एक साथ छापेमारी शुरू की गई, जिसमें लगभग 60 विशेष टीमों को शामिल किया गया। यह अभियान पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रायपुर के 100 से अधिक क्षेत्रों में दबिश देकर नशा कारोबार, अवैध शराब बिक्री, फरार अपराधियों और शांति भंग करने की आशंका वाले लोगों पर शिकंजा कस दिया।

नशे के खिलाफ कार्रवाई में टीमों ने 6 आरोपियों को गांजा और प्रतिबंधित टैबलेट बेचते हुए पकड़ा। उनके पास से 3.800 किलो गांजा और 80 नशीली टैबलेट बरामद की गईं। वहीं, अवैध शराब की धरपकड़ में 705 पौवा शराब सहित 29 आरोपी गिरफ्तार किए गए।

इसके अलावा, अवैध हथियार रखने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। फरार अपराधियों की तलाश में विशेष टीमों ने 21 वारंट तामिल किए और पुराने मामलों में फरार 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

शांति व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने 70 संदिग्ध व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इस पूरे अभियान में कुल 134 आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि अपराध पर पूरी तरह नियंत्रण करने के लिए “निश्चय अभियान” आने वाले दिनों में और भी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

Share This Article
Leave a Comment