एम.एम. नरवणे की रिलीज से पहले लीक हुई किताब? पेंगुइन रैंडम हाउस से दिल्ली पुलिस की पूछताछ

रिलीज से पहले ऑनलाइन पहुंची नरवणे की किताब, दिल्ली पुलिस ने तेज की जांच

CG DARSHAN
2 Min Read
2 Min Read

पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की बहुप्रतीक्षित पुस्तक ‘Four Stars of Destiny’ आधिकारिक प्रकाशन से पहले ही कथित तौर पर इंटरनेट पर लीक होने के कारण चर्चा में आ गई है। इस मामले को गंभीर मानते हुए दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पुस्तक के प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को नोटिस जारी किया है। पुलिस ने प्रकाशन प्रक्रिया, डिजिटल फाइल की सुरक्षा और संभावित डेटा एक्सेस से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवालों के जवाब मांगे हैं।

पुलिस को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और कुछ ऑनलाइन मंचों पर पुस्तक की प्री-प्रिंट पीडीएफ कॉपी साझा किए जाने की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि ‘Four Stars of Destiny’ नाम से टाइपसेट दस्तावेज कुछ वेबसाइट्स पर उपलब्ध था। वहीं, कुछ ई-कॉमर्स और मार्केटिंग प्लेटफॉर्म पर पुस्तक का अंतिम कवर इस तरह प्रदर्शित किया गया, जिससे यह बिक्री के लिए तैयार प्रतीत हो रही थी।

अधिकारियों के अनुसार, यदि बिना आधिकारिक स्वीकृति के सामग्री सार्वजनिक हुई है, तो यह गोपनीयता और कॉपीराइट कानूनों का उल्लंघन हो सकता है। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि डिजिटल कॉपी लीक कैसे हुई और इसके पीछे किन लोगों या संस्थाओं की भूमिका हो सकती है।

जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। यह मामला प्रकाशन उद्योग में डिजिटल सुरक्षा और गोपनीय दस्तावेजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Share This Article
Leave a Comment