रायपुर में 10 एवं 13 मई 2026 को प्रस्तावित इंडियन प्रीमियर लीग मुकाबलों के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों की व्यापक समीक्षा की गई। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पहुंचकर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के मध्य तथा 13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के मध्य मुकाबला आयोजित किया जाएगा। दोनों मैचों में बड़ी संख्या में दर्शकों की उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा समन्वित प्रबंधन व्यवस्था लागू किए जाने की तैयारी की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्टेडियम परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने दर्शकों की सुगम आवाजाही और भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त संख्या में वॉलिंटियर तैनात करने के निर्देश भी दिए।
यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पार्किंग प्रबंधन, वैकल्पिक मार्ग व्यवस्था तथा प्रवेश एवं निकासी मार्गों को सुव्यवस्थित रखने पर बल दिया। इसके अतिरिक्त किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड एवं एम्बुलेंस सेवाओं की अनिवार्य उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए।
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को शासन के विभिन्न विभागों द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए आयोजन संबंधी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करने हेतु निर्देशित किया गया। प्रशासन द्वारा आयोजन को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं दर्शक अनुकूल बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन, प्रभारी रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्रीमती मनीषा ठाकुर, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी श्री उमाशंकर बंदे, अपर कलेक्टर श्री कीर्तिमान सिंह राठौर एवं एसडीएम श्रीमती अभिलाषा पैंकरा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासनिक स्तर पर की जा रही तैयारियों को देखते हुए आगामी आईपीएल मुकाबलों के सुव्यवस्थित संचालन हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

