नवा रायपुर में केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने किया विकसित भारत संकल्प पार्क का भव्य लोकार्पण

CG DARSHAN
3 Min Read
3 Min Read

रायपुर, 3 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर में हरित विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 में विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने पार्क परिसर में पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से तैयार यह पार्क आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत की परिकल्पना को दर्शाता है। इसके माध्यम से राष्ट्र निर्माण के साथ प्रकृति के संरक्षण में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी को भी रेखांकित किया गया है।

16 एकड़ में लगाए गए 3,000 से अधिक पौधे

लगभग 16 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस पार्क में 2,500 से अधिक पीपल और 500 से अधिक स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं। यह पहल नवा रायपुर में हरित क्षेत्र का विस्तार करने और पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से की गई है।

विकसित भारत संकल्प पार्क नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में नई पहचान दिलाने की दिशा में भी अहम भूमिका निभाएगा। यहां लगाए गए पौधों के संरक्षण और देखभाल के जरिए शहर को अधिक स्वच्छ, हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाने पर जोर दिया जा रहा है।

‘People for Peepal’ अभियान से बढ़ेगी जनभागीदारी

नवा रायपुर को हरित और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने के लिए ‘People for Peepal’ अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि आम नागरिकों को उनके संरक्षण, संवर्धन और नियमित देखभाल से जोड़ना है।

भारतीय संस्कृति में पीपल के वृक्ष का विशेष आध्यात्मिक और पर्यावरणीय महत्व है। इसी जुड़ाव के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

नई पीढ़ी को प्रकृति संरक्षण का संदेश देगा पार्क

विकसित भारत संकल्प पार्क आधुनिक शहरी विकास और प्रकृति के बीच संतुलन का उदाहरण प्रस्तुत करेगा। यह पार्क बच्चों और युवाओं सहित नागरिकों को पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने तथा विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत के निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित करेगा।

लोकार्पण कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप और कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

 

 

यह भी पढ़ें – रायपुर : राज्योत्सव 2026 : वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की प्रदर्शनी को प्रथम पुरस्कार

Share This Article
Leave a Comment