छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में जल्द ही बदलाव की संभावना नजर आ रही है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और संगठन महामंत्री पवन साय आज दिल्ली के लिए रवाना हुए, जहां वे पार्टी की एक उच्चस्तरीय बैठक में शामिल होंगे।
दिल्ली रवाना होने से पहले किरण सिंह देव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा संगठन की एक बड़ी बैठक में वे शामिल होने जा रहे हैं, जहां संगठन विस्तार पर चर्चा होगी। उन्होंने संकेत दिया कि जल्द ही संगठन में नए नाम जोड़े जाएंगे।
इस बीच भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत की सदस्यता पर संकट गहराता जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने जानकारी दी कि पार्टी द्वारा भेजे गए नोटिस का रवि भगत ने अब तक कोई जवाब नहीं दिया है। यदि समय सीमा में जवाब नहीं आया, तो उनकी प्राथमिक सदस्यता रद्द की जा सकती है।
ज्ञात हो कि रवि भगत ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए DMF (जिला खनिज न्यास) की राशि गांवों में खर्च करने की अपील की थी। उन्होंने सरकार से आग्रह किया था कि सड़क, जल और अन्य ग्रामीण विकास कार्यों के लिए यह निधि उपयोगी साबित हो सकती है।
हालांकि, पार्टी ने इसे संगठनात्मक अनुशासन का उल्लंघन माना और नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब मांगा था।