छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता फिर से बढ़ गई है। रायपुर सहित 30 से ज्यादा जिलों में हल्की बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवातीय परिसंचरण और मानसून द्रोणिका की वजह से अगले 5 दिन तक रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में गरज के साथ भारी बारिश की संभावना है। राजधानी रायपुर में आज बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम 26°C के आसपास रहेगा।
बारिश का असर बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बालोद, महासमुंद, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली, सूरजपुर, कोरिया, बेमेतरा समेत अधिकांश जिलों में देखने को मिलेगा।मौसम विभाग के अनुसार, मानसून द्रोणिका औसत समुद्र तल पर श्रीगंगानगर से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1.5 किमी ऊंचाई तक चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। इस बदलाव से किसानों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।