राजधानी रायपुर में स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले स्वतंत्रता दौड़ आयोजित की गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छात्रों के साथ दौड़ लगाकर उत्साह बढ़ाया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने तेलीबांधा तालाब से भारत माता चौक तक दौड़ का आयोजन किया। लोग हाथों में तिरंगा लिए दौड़ते नजर आए।
कार्यक्रम में खेल एवं राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक गुरु खुशवंत साहेब, विधायक अनुज शर्मा और जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तिरंगा पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है। इसे हमेशा सम्मान दें और सशक्त छत्तीसगढ़ का निर्माण करें। विभाजन विभीषिका दिवस पर उन्होंने नई पीढ़ी को भारत-पाक विभाजन की पीड़ा समझाने का महत्व बताया।
बलौदाबाजार में भी स्वतंत्रता दौड़ आयोजित हुई। पंडित चक्रपाणि शुक्ल स्कूल के मैदान से दौड़ प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्ग से वापस आयोजन स्थल पर पहुँची। प्रशासनिक अधिकारी और हजारों छात्र-छात्राओं ने दौड़ में भाग लिया।
