कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा रेलवे स्टेशन पर शनिवार को अचानक एक 12 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। यह विशालकाय सांप प्लेटफार्म नम्बर एक पर कभी पटरी तो कभी प्लेटफार्म पर इधर-उधर रेंगता रहा, जिससे कर्मचारियों और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
करीब आधे घंटे तक स्टेशन पर हड़कंप का माहौल बना रहा। जैसे ही इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों और स्नेक कैचर टीम को दी गई, टीम मौके पर पहुंची और सतर्कता से अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। गनीमत रही कि इस दौरान किसी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा।
जानकारी के मुताबिक, इससे पहले भी इसी प्लेटफार्म पर कोबरा सांप दिख चुका है, जिससे यात्रियों की चिंता और बढ़ गई है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे प्रशासन को स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई और सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करनी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं से यात्रियों को परेशानी न हो।

