छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल के लिए 7 फरवरी का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। इस दिन भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जगदलपुर पहुंचकर बस्तर पंडुम के संभाग स्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगी। आयोजन जगदलपुर के लालबाग मैदान में किया जाएगा।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, दर्शकों के लिए बैठक व्यवस्था, पेयजल, बिजली आपूर्ति और स्वच्छता से जुड़ी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रशासनिक अधिकारी नियमित रूप से व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं ताकि किसी प्रकार की कमी न रह जाए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। राष्ट्रपति के दौरे को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासन की अलग-अलग टीमों को तैनात किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर बैरिकेडिंग, मीडिया गैलरी, पार्किंग और वीवीआईपी मूवमेंट के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
आदिवासी बहुल बस्तर क्षेत्र के लिए राष्ट्रपति का यह दौरा सामाजिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले वर्ष 2018 में तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के दौरे ने भी बस्तर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई थी। इस बार भी राष्ट्रपति की मौजूदगी से बस्तर पंडुम को देशभर में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

