छात्रों को शासन व्यवस्था से जोड़ने और सार्वजनिक संस्थानों की कार्यप्रणाली को समझाने के उद्देश्य से लोकभवन का शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम लगातार आयोजित किया जा रहा है। इसी पहल के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रायपुर मठपारा के 50 छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के साथ लोकभवन का भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने लोकभवन परिसर में स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम, उदंती परिसर, कन्हार परिसर, डिस्पेंसरी उद्यान और सचिवालय की विभिन्न प्रशासनिक शाखाओं को देखा। इस अनुभव से बच्चों को यह समझने का अवसर मिला कि शासन स्तर पर योजनाएं कैसे संचालित की जाती हैं और प्रशासन जनता के लिए कैसे कार्य करता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रमेन डेका से मुलाकात की और सामूहिक फोटोग्राफी कराई। राज्यपाल ने बच्चों से संवाद करते हुए शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी शक्ति बताया और उन्हें अनुशासन, परिश्रम तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
भ्रमण के समापन पर सभी विद्यार्थियों को पौधे भेंट किए गए। उन्हें यह संदेश दिया गया कि वे अपने घर, विद्यालय और गांव में पौधारोपण करें तथा उनकी नियमित देखभाल कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए सीखने, समझने और प्रेरणा पाने का एक यादगार अनुभव रहा।

