छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में 7 फरवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को उच्च स्तर पर पहुंचा दिया गया है। शासन-प्रशासन के साथ-साथ पुलिस विभाग लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है, वहीं शहर में बाहर से आने वाले सभी वाहनों की सघन जांच की जा रही है। बस्तर पंडुम के अंतर्गत राष्ट्रपति के ऐतिहासिक प्रवास और कार्यक्रम के शुभारंभ को लेकर आमजन में उत्साह का माहौल है।
इस हाई-सिक्योरिटी कार्यक्रम को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जगदलपुर पुलिस और जिला प्रशासन ने लालबाग स्थित आयोजन स्थल के आसपास व्यापक पार्किंग और ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान लागू किया है। इसका उद्देश्य वीवीआईपी मूवमेंट को सुरक्षित रखना और साथ ही आम नागरिकों को आसान आवागमन की सुविधा देना है।
सुरक्षा आधारित पार्किंग जोन तय
प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार पार्किंग व्यवस्था को सुरक्षा मानकों के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित किया गया है। राष्ट्रपति के काफिले के लिए लालबाग ग्राउंड (पी-1) को वीवीआईपी पार्किंग के रूप में सुरक्षित किया गया है। वहीं, मंचासीन राजदूतों और विशिष्ट अतिथियों के वाहनों के लिए लालबाग पीटीएस ग्राउंड (वीआईपी-1) निर्धारित किया गया है।
मीडिया कर्मियों एवं कार पास धारकों के लिए क्यूरो इंडिया स्कूल के पीछे का मैदान और सनसिटी कॉलोनी क्षेत्र (वीआईपी-2) में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वरिष्ठ अधिकारियों के वाहनों को कोऑर्डिनेशन सेंटर और अमर वाटिका में खड़ा किया जाएगा।
आम जनता के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था
कार्यक्रम में शामिल होने वाले बड़ी संख्या में लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने शहर के विभिन्न प्रवेश मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए अलग पार्किंग जोन बनाए हैं। रायपुर, भानपुरी, बस्तर, बकावंड, नगरनार, साथ ही लोहण्डीगुड़ा, गीदम और सुकमा की दिशा से आने वाले वाहनों के लिए कुम्हड़ाकोट गणपति रिसोर्ट के सामने का मैदान एवं रिलायंस पेट्रोल पंप के पास का क्षेत्र (पी-7 से पी-9) निर्धारित किया गया है।
भीड़ अधिक होने की स्थिति में कृषि उपज मंडी और हाटा ग्राउंड को अतिरिक्त यानी रिजर्व पार्किंग के रूप में तैयार रखा गया है।
यातायात को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश
यातायात विभाग ने आम नागरिकों को सूचित किया है कि सुरक्षा कारणों से लालबाग–सनसिटी मार्ग से आमागुड़ा चौक पार्किंग की ओर जाने की अनुमति वीवीआईपी आगमन से केवल दो घंटे पूर्व तक ही दी जाएगी। निर्धारित समय के बाद आने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा।
ऐसे नागरिकों को चांदनी चौक और नयामुंडा होते हुए बोधघाट थाना के पीछे से हाटकचोरा मार्ग का उपयोग कर आमागुड़ा पार्किंग स्थल तक पहुंचना होगा। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात व्यवस्था का पालन करें और समय से पहले पहुंचकर इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनें।

