मुंबई को मिलेगी नई महिला मेयर, BJP की रितु तावड़े आगे; संजय घाड़ी डिप्टी मेयर

BMC Mayor Election: रितु तावड़े होंगी मुंबई की नई मेयर, संजय घाड़ी डिप्टी मेयर

CG DARSHAN
CG DARSHAN 2 Min Read
2 Min Read
Advertisement Carousel

मुंबई महानगरपालिका (BMC) मेयर चुनाव को लेकर महायुति गठबंधन ने औपचारिक रूप से अपने उम्मीदवारों के नाम सामने रख दिए हैं। भारतीय जनता पार्टी ने रितु तावड़े को मेयर पद के लिए नामित किया है, जबकि शिंदे गुट की शिवसेना ने संजय शंकर घाड़ी को डिप्टी मेयर पद का उम्मीदवार बनाया है।

इस बार मुंबई मेयर का पद खुली श्रेणी में महिला उम्मीदवार के लिए आरक्षित है। ऐसे में यह लगभग तय माना जा रहा है कि मुंबई को एक बार फिर महिला महापौर मिलने जा रही है। खास बात यह भी है कि यह मौका भाजपा के लिए ऐतिहासिक होगा, क्योंकि पार्टी पहली बार मुंबई का मेयर बनाएगी। मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने रितु तावड़े के नाम की घोषणा की है।

उम्मीदवारों की राजनीतिक पृष्ठभूमि

मेयर पद की उम्मीदवार रितु तावड़े घाटकोपर से तीन बार पार्षद रह चुकी हैं और बीएमसी की शिक्षा समिति की पूर्व अध्यक्ष भी रही हैं। उनके प्रशासनिक अनुभव और संगठन में पकड़ को देखते हुए उन्हें मजबूत चेहरा माना जा रहा है।

वहीं डिप्टी मेयर पद के दावेदार संजय शंकर घाड़ी, मुंबई के वार्ड नंबर 5 (मागाथाने) से पार्षद हैं और शिंदे गुट में उनकी सक्रिय भूमिका रही है।

बहुमत के चलते महायुति मजबूत

बीएमसी सदन में संख्या बल को देखते हुए महायुति गठबंधन के मेयर और डिप्टी मेयर उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है। हालांकि, राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि शिवसेना (UBT) और कांग्रेस भी अपने उम्मीदवार उतार सकती हैं, जिससे मुकाबला दिलचस्प हो सकता है।

11 फरवरी को होगा फैसला

मेयर और डिप्टी मेयर पदों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 7 फरवरी है। इसके बाद 11 फरवरी को चुनाव प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मतदान के दौरान सभी पार्षदों की मौजूदगी में शक्ति प्रदर्शन देखने को मिलेगा।

Share This Article
Leave a comment