पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव अब गंभीर मोड़ पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। अमेरिकी युद्धपोतों और लड़ाकू विमानों की तैनाती के बीच भारत सरकार ने अपने नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए सख्त कदम उठाया है।
Ministry of External Affairs ने नई एडवाइजरी जारी कर ईरान में रह रहे भारतीयों को किसी भी उपलब्ध माध्यम से तुरंत देश छोड़ने की सलाह दी है। मंत्रालय ने कहा है कि जो नागरिक अभी भी ईरान में हैं, वे अत्यधिक सतर्क रहें, प्रदर्शन और भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर रहें तथा हर समय अपने जरूरी दस्तावेज साथ रखें।
दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
Embassy of India, Tehran ने आपातकालीन सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:
+989128109115
989128109109
989128109102
989932179359
साथ ही cons.tehran@mea.gov.in
पर ईमेल के माध्यम से भी संपर्क किया जा सकता है। भारतीय नागरिकों और उनके परिजनों को दूतावास में पंजीकरण कराने की सलाह दी गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता दी जा सके।
क्यों बढ़ी चिंता?
रिपोर्ट्स के अनुसार अमेरिका ने ईरान के आसपास अपने दो युद्धपोत तैनात किए हैं और पश्चिम एशिया में लड़ाकू विमानों की मौजूदगी बढ़ाई है। वहीं ईरान ने भी अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की चेतावनी दी है। हालांकि दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है।
इसी बीच ईरान में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ प्रदर्शन तेज हो गए हैं। Tehran University of Art और Iran University of Science and Technology सहित कई विश्वविद्यालयों में छात्रों की भीड़ और विरोध प्रदर्शन देखे गए।

