Para Athletics 2026: हरियाणा ने रचा इतिहास, 95 पदकों के साथ नेशनल चैंपियन बना

CG DARSHAN
2 Min Read
2 Min Read

ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित 24वीं राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में हरियाणा ने दमदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। 17 से 21 मार्च तक चली इस प्रतियोगिता में हरियाणा ने 39 स्वर्ण, 31 रजत और 25 कांस्य पदक जीतकर कुल 95 मेडल अपने नाम किए और ओवरऑल चैंपियन बनकर उभरा।

देशभर के 28 राज्यों से आए 1,460 पैरा-एथलीट्स ने इस चैंपियनशिप में हिस्सा लिया, जहां हरियाणा ने हर इवेंट में अपनी मजबूत पकड़ दिखाई। तमिलनाडु 51 पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि गुजरात 30 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। मेजबान ओडिशा ने भी संघर्षपूर्ण प्रदर्शन करते हुए 17 पदक हासिल किए।

स्टार खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन
फील्ड इवेंट्स में हरियाणा के मोनू घांगस ने मेंस डिस्कस थ्रो एफ11 में 35.05 मीटर के साथ गोल्ड जीता। वहीं उत्तर प्रदेश के राम रतन सिंह ने एफ51-एफ53 वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।

ट्रैक इवेंट्स में गुजरात के भट्ट राकेशभाई ने 200 मीटर टी37 में गोल्ड अपने नाम किया, जबकि महाराष्ट्र के अभिषेक जाधव ने टी35 कैटेगरी में बाज़ी मारी। लंबी दूरी में हिमाचल के सौरभ शर्मा और हरियाणा के अंकुर धामा ने 5000 मीटर स्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीते।

महिला खिलाड़ियों का जलवा
महिला वर्ग में भी शानदार मुकाबला देखने को मिला। गुजरात की दामोर तेजलबेन ने लॉन्ग जंप में गोल्ड जीता, जबकि अरुणाचल प्रदेश की किपा मेरो ने जेवलिन थ्रो में शीर्ष स्थान हासिल किया। ओडिशा की सुचित्रा परिदा ने भी जेवलिन में गोल्ड जीतकर मेजबान राज्य का गौरव बढ़ाया।

हरियाणा की फील्ड इवेंट्स में बादशाहत
हरियाणा ने खासतौर पर फील्ड इवेंट्स में अपना दबदबा साबित किया। डिस्कस थ्रो एफ37 में हैनी ने 49.65 मीटर के साथ गोल्ड जीतकर राज्य की झोली में एक और उपलब्धि जोड़ी।

यह चैंपियनशिप भारतीय पैरा स्पोर्ट्स के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की मेहनत का बेहतरीन उदाहरण है, जहां हर खिलाड़ी ने अपनी क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।

Share This Article
Leave a Comment