पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने देश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बावजूद देश की ऊर्जा व्यवस्था मजबूत बनी हुई है।
सरकार ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और जरूरत से ज्यादा गैस बुकिंग न करें, क्योंकि इससे अनावश्यक दबाव पैदा होता है।
एलपीजी सप्लाई पूरी तरह नियंत्रण में
संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि मौजूदा परिस्थितियों के कारण सप्लाई पर कुछ असर जरूर पड़ा था, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में गैस कार्गो पहले से प्रक्रिया में हैं और देशभर में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उपभोक्ताओं को नियमित रूप से सिलेंडर की डिलीवरी की जा रही है।
ईंधन की उपलब्धता बनी स्थिर
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने यह भी बताया कि पेट्रोल और डीजल की सप्लाई में किसी तरह की बाधा नहीं है। देशभर में ईंधन की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है।
PNG विस्तार पर जोर
सरकार ने सिटी गैस वितरण कंपनियों को निर्देश दिया है कि वे अगले 5 दिनों के भीतर पाइप्ड नैचुरल गैस (PNG) कनेक्शन का विस्तार तेज करें। इससे घरेलू उपभोक्ताओं को निरंतर और सुरक्षित गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।
अफवाहों से सावधान रहने की अपील
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने दोहराया कि देश में ऊर्जा संसाधनों का पर्याप्त भंडार मौजूद है। मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात का असर सीमित है और सरकार पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

