दिल्ली पुलिस की कार्रवाई से लश्कर मॉड्यूल पर बड़ा प्रहार
राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी शब्बीर अहमद लोन को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी दिल्ली बॉर्डर पर गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जहां पुलिस ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाकर आरोपी को दबोचा।
बांग्लादेश से संचालित हो रहा था नेटवर्क, ISI का हाथ
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शब्बीर अहमद लोन बांग्लादेश में रहकर भारत में आतंकी गतिविधियों को संचालित कर रहा था। वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के निर्देश पर भारत में लश्कर का नेटवर्क खड़ा करने और नए मॉड्यूल को सक्रिय करने की साजिश में शामिल था।
विदेशी मुद्रा बरामद, आतंकी प्रशिक्षण का भी खुलासा
गाजीपुर इलाके से गिरफ्तार किए गए इस आतंकी के पास से 5000 पाकिस्तानी रुपये, 2300 बांग्लादेशी रुपये और 1400 नेपाली रुपये बरामद किए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि वह पहले 2007 में एके-47 के साथ पकड़ा जा चुका है और पाकिस्तान में आतंकी प्रशिक्षण ले चुका है।
भारत विरोधी पोस्टर से माहौल बिगाड़ने की कोशिश
जांच एजेंसियों के अनुसार, हाल ही में दिल्ली और कोलकाता जैसे शहरों में लगाए गए भारत विरोधी पोस्टरों के पीछे इसी मॉड्यूल का हाथ था। दिल्ली के कश्मीरी गेट बस अड्डा और मेट्रो स्टेशन के आसपास भी ऐसे पोस्टर लगाए गए थे, जिससे सामाजिक माहौल को प्रभावित करने की कोशिश की गई।
पूछताछ में खुल सकते हैं बड़े राज, नेटवर्क की जांच जारी
फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां आरोपी से गहन पूछताछ कर रही हैं। इससे उसके नेटवर्क, फंडिंग स्रोत और देशभर में फैली गतिविधियों का खुलासा होने की उम्मीद है। इस मामले में पहले भी कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया जा चुका है और आगे और बड़े खुलासे संभव हैं।

