रायपुर, 31 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक विरासत को नई पहचान दिलाने की दिशा में कार्यरत रेडियो संगवारी टीम ने आज लोक भवन में राज्यपाल रमेन डेका से शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान टीम ने अपनी कार्ययोजना, उद्देश्यों और आने वाले समय में किए जाने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की। संस्थापक राहुल शर्मा ने बताया कि रेडियो संगवारी का उद्देश्य प्रदेश की लोक कला, परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों को आधुनिक प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवा पीढ़ी तक पहुँचाना है। इसके लिए टीम विभिन्न नवाचारपूर्ण कार्यक्रमों की योजना बना रही है।
राज्यपाल ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति देश की अनमोल धरोहर है, जिसे संरक्षित और प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास न केवल सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में जागरूकता भी बढ़ाते हैं।
उन्होंने रेडियो संगवारी टीम को शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सुझाव और मार्गदर्शन भी दिया।
इस अवसर पर टीम के सदस्य डॉ. हेमंत सिरमौर, श्रीया सिरमौर, शिवनंदन सरोज और तिलका साहू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

