होर्मुज पर ‘ट्रंप’ की छाप! सोशल मीडिया पोस्ट से भड़का विवाद, वैश्विक राजनीति में हलचल

CG DARSHAN
CG DARSHAN 3 Min Read
3 Min Read
Advertisement Carousel

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति Donald Trump एक बार फिर अपने सोशल मीडिया व्यवहार को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार उन्होंने एक पोस्ट को री-शेयर करते हुए Strait of Hormuz को ‘ट्रंप जलडमरूमध्य’ कहे जाने वाले दावे को हवा दे दी, जिसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवाद तेज हो गया है।

बताया जा रहा है कि ‘ट्रुथ सोशल’ पर साझा इस पोस्ट में होर्मुज जलडमरूमध्य की तस्वीर के साथ उसका नाम बदलकर ‘ट्रंप जलडमरूमध्य’ दर्शाया गया था। हालांकि मूल पोस्ट अब प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं है, लेकिन इसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है और राजनीतिक हलकों में भी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।

क्यों संवेदनशील है होर्मुज जलडमरूमध्य?

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में शामिल है, जो ईरान और ओमान के बीच स्थित है। वैश्विक स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति का एक बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से गुजरता है। अनुमान के मुताबिक, दुनिया का लगभग 20 से 30 प्रतिशत कच्चा तेल और प्राकृतिक गैस इसी रास्ते से परिवहन होता है, जिससे इसकी रणनीतिक अहमियत और बढ़ जाती है।

नाकाबंदी से बढ़ी वैश्विक चिंता

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच इस जलडमरूमध्य की स्थिति और भी संवेदनशील हो गई है। अमेरिका और ईरान के बीच संघर्षविराम होने के बावजूद इस मार्ग पर नाकाबंदी जारी है। ईरान ने इसे खोलने का प्रस्ताव रखा, लेकिन ट्रंप ने इसे खारिज करते हुए नाकाबंदी को ज्यादा प्रभावी रणनीति बताया।

ईरान पर आर्थिक दबाव का दावा

ट्रंप का कहना है कि इस नाकाबंदी से ईरान की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है। तेल निर्यात बाधित होने के कारण देश के ऊर्जा क्षेत्र पर गंभीर असर पड़ा है और सरकार पर आंतरिक दबाव बढ़ता जा रहा है। वहीं, अमेरिका ईरान के परमाणु कार्यक्रम को बंद कराने की मांग पर कायम है, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव कम होने के बजाय और गहराता नजर आ रहा है।

सोशल मीडिया बयान से बढ़ा तनाव

विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के बयान, भले ही सोशल मीडिया तक सीमित हों, लेकिन उनका असर अंतरराष्ट्रीय संबंधों और बाजार पर पड़ सकता है। ‘ट्रंप जलडमरूमध्य’ वाला विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब पहले से ही मिडिल ईस्ट में हालात नाजुक बने हुए हैं।

Share This Article
Leave a comment