मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना के तहत एक बड़ी घोषणा करते हुए सभी बहनों को राहत दी है। अब नवंबर 2025 से प्रदेश की 1.27 करोड़ महिलाओं को हर महीने ₹1500 की सहायता राशि सीधे बैंक खातों में भेजी जाएगी।
इस घोषणा को उज्जैन के महाकाल मंदिर परिसर से किया गया, जिसे मुख्यमंत्री ने “बहनों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता” बताया। इससे पहले, 12 जुलाई को ग्राम नलवा पंचायत से 26वीं किश्त के रूप में ₹1250 की राशि बहनों को ट्रांसफर की जाएगी। इस किश्त के माध्यम से कुल ₹1503.14 करोड़ राशि राज्य की 1.27 करोड़ महिलाओं को दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सहायता धीरे-धीरे बढ़ाकर ₹3000 प्रति माह तक की जाएगी, ताकि महिलाओं की आर्थिक स्थिति बेहतर हो सके। रक्षाबंधन (9 अगस्त) के अवसर पर बहनों को ₹250 अतिरिक्त देकर कुल ₹1500 ट्रांसफर किए जाएंगे, जिसे शगुन के रूप में देखा जा रहा है। इससे पहले 16 जून को 25वीं किश्त के अंतर्गत ₹1551.44 करोड़ की राशि ट्रांसफर की गई थी, जो एक रिकॉर्ड है।
लाड़ली बहना योजना महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम बन चुकी है। प्रदेश की महिलाएं मुख्यमंत्री की इस पहल से प्रसन्न हैं और इसे रक्षाबंधन का खास तोहफा मान रही हैं।