प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2025 (PMRBP) के लिए आवेदन की समय-सीमा बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक प्रतिभागी 31 जुलाई 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। पहले इसकी अंतिम तारीख 15 मई निर्धारित थी।
केंद्र सरकार ने की घोषणा, राज्य शासन ने की अपील
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से यह सूचना दी गई है। वहीं, छत्तीसगढ़ शासन ने राज्य के नागरिकों, संस्थाओं, शिक्षकों और अभिभावकों से अपील की है कि वे 5 से 18 वर्ष के बच्चों को आवेदन के लिए प्रेरित करें।
इन क्षेत्रों में होना चाहिए असाधारण योगदान
बच्चों को बहादुरी, समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला-संस्कृति, विज्ञान और तकनीक जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के आधार पर यह पुरस्कार दिया जाएगा।
ऑनलाइन मोड से ही मान्य हैं आवेदन
आवेदन केवल https://awards.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। बच्चे स्वयं भी आवेदन कर सकते हैं और कोई भी संस्था अथवा व्यक्ति भी किसी योग्य बच्चे का नामांकन कर सकता है।
नामांकन प्रक्रिया में क्या है जरूरी?
नामांकन करते समय बच्चे का नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ईमेल, आधार नंबर, हालिया फोटो (JPG/PNG), आवश्यक दस्तावेज (PDF, अधिकतम 10 फाइल) और 500 शब्दों में उपलब्धियों का विवरण अनिवार्य है।
ड्राफ्ट के रूप में भी कर सकते हैं सेव
आवेदन फॉर्म को ड्राफ्ट के रूप में सेव किया जा सकता है और अंतिम तिथि से पहले संशोधन कर जमा किया जा सकता है।
सरकार का उद्देश्य क्या है?
इन पुरस्कारों के जरिए सरकार देशभर के प्रतिभाशाली बच्चों को पहचान देना चाहती है, ताकि उनके समग्र विकास को प्रोत्साहन मिले। यह पुरस्कार बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है और उनके कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना दिलाता है।

