छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में श्री रामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत तीर्थयात्रा कर लौटे 981 वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान किया गया। पंजरी प्लांट स्थित संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने वरिष्ठजनों को श्रीरामचरित मानस पुस्तिका, व्यास वेदी और शाल भेंट की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन संघर्ष, त्याग, सेवा और मर्यादा की प्रेरणा देता है। सम्मानित नागरिकों में ग्रामीण क्षेत्रों के 861 और शहरी क्षेत्रों के 120 वरिष्ठजन शामिल थे।
छत्तीसगढ़ से भगवान श्रीराम का विशेष जुड़ाव
वित्त मंत्री ने कहा कि माता कौशल्या का संबंध छत्तीसगढ़ से होने के कारण प्रदेश का भगवान श्रीराम से गहरा सांस्कृतिक और भावनात्मक रिश्ता है। यहां प्रभु श्रीराम को स्नेहपूर्वक ‘भांचा राम’ कहा जाता है। उनके आदर्श समाज में मर्यादा, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक समरसता का संदेश देते हैं।
तीर्थ दर्शन योजनाओं से पूरी हो रही वरिष्ठजनों की इच्छा
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को पुनः प्रारंभ किया है। वहीं, श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन का अवसर मिल रहा है। इन योजनाओं से वरिष्ठ नागरिकों की वर्षों पुरानी धार्मिक आकांक्षाएं पूरी हो रही हैं।
एक लाख श्रीरामचरित मानस पुस्तिकाएं बांटने का संकल्प
ओ.पी. चौधरी ने बताया कि अयोध्या धाम में दर्शन के दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ में एक लाख श्रीरामचरित मानस पुस्तिकाएं और व्यास वेदी वितरित करने का संकल्प लिया था। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और जीवन मूल्यों से परिचित कराना है।
सांसदों ने योजनाओं की सराहना की
लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने कहा कि सरकारी योजनाओं से वरिष्ठ नागरिकों का अयोध्या जाने का सपना पूरा हुआ है। राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह ने भी तीर्थ दर्शन योजनाओं को धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
छह चरणों में कराई गई अयोध्या यात्रा
अक्टूबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच श्री रामलला दर्शन योजना के तहत रायगढ़ जिले के वरिष्ठ नागरिकों को छह चरणों में अयोध्या की यात्रा कराई गई। इसी अवधि में मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत भी एक यात्रा आयोजित हुई। इन यात्राओं से लाभान्वित 981 वरिष्ठ नागरिकों को समारोह में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुंदरकांड पाठ और सामूहिक हनुमान चालीसा से हुई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में वरिष्ठजनों की उपस्थिति रही।
यह भी पढ़ें – रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें किया नमन

