रायपुर, 18 जुलाई 2025।
छत्तीसगढ़ में राजनीति उस समय गरमा गई जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को ईडी ने हिरासत में ले लिया।
चैतन्य के भिलाई स्थित आवास पर सुबह से ईडी की कार्रवाई जारी रही। इस बीच सुरक्षा बलों की तैनाती भी बढ़ा दी गई। आज चैतन्य बघेल का जन्मदिन है, जिस दिन यह कार्रवाई होना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्वीट किया, “ईडी आ गई है। आज विधानसभा सत्र का आखिरी दिन है।”
ईडी की टीम द्वारा चैतन्य को हिरासत में लिए जाने की खबर फैलते ही कांग्रेस समर्थकों में आक्रोश बढ़ गया। बड़ी संख्या में समर्थक मौके पर जुटे और नारेबाजी शुरू हो गई।
पूर्व मीडिया सलाहकार विनोद वर्मा ने बताया कि जब पिछली बार ईडी ने छापा मारा था, तब भूपेश बघेल का जन्मदिन था। और अब, जब चैतन्य का जन्मदिन है, फिर से ईडी ने दबिश दी है।
यह घटनाक्रम छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर ईडी की सक्रियता और संभावित राजनीतिक उद्देश्य को लेकर सवाल खड़े कर रहा है।

