जशपुर में डिजिटल वैन से गांवों तक पहुंचेगी आधुनिक शिक्षा

CG DARSHAN
3 Min Read
3 Min Read

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में ग्रामीणों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में नई पहल की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने जशपुर प्रवास के दौरान विश्राम गृह परिसर से जशपुर डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एनआईआईटी फाउंडेशन द्वारा इंडस टावर्स के सहयोग से संचालित यह पहल ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में डिजिटल शिक्षा तथा कौशल विकास को बढ़ावा देगी।

मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल साक्षरता आज शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों का आधार बन चुकी है। ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने में इस तरह के प्रयास महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

12 से 60 वर्ष तक के नागरिकों को मिलेगा प्रशिक्षण

जशपुर डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन जशपुर विकासखंड के विभिन्न गांवों तक पहुंचेगी। इसके माध्यम से 12 से 60 वर्ष आयु वर्ग के नागरिकों को एक महीने का निःशुल्क डिजिटल प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण में डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और बेसिक आईटी जैसे विषय शामिल होंगे।

इस दौरान प्रतिभागियों को कंप्यूटर और डिजिटल उपकरणों के उपयोग, इंटरनेट की बुनियादी जानकारी तथा डिजिटल तकनीक के सुरक्षित इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। इससे ग्रामीण नागरिकों में डिजिटल जागरूकता बढ़ाने और तकनीकी कौशल विकसित करने में मदद मिलेगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में ही उपलब्ध होगा आधुनिक प्रशिक्षण

यह वैन एक चलते-फिरते प्रशिक्षण केंद्र के रूप में काम करेगी। इससे ग्रामीणों को डिजिटल शिक्षा के लिए दूर शहरों तक जाने की जरूरत कम होगी और उन्हें अपने गांवों के आसपास ही आधुनिक तकनीक सीखने का अवसर मिलेगा।

जशपुर डिजिटल ट्रांसफॉर्मिंग वैन के जरिए बच्चों, युवाओं और महिलाओं सहित अन्य नागरिकों को डिजिटल दुनिया से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल विभाजन को कम करने और लोगों को नए अवसरों के लिए तैयार करने में सहायक होगी।

मुख्यमंत्री ने वैन की सुविधाओं का किया अवलोकन

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वैन में उपलब्ध डिजिटल उपकरणों और प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने इसमें स्थापित उपकरणों के माध्यम से ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस कॉल में भी भाग लिया। मुख्यमंत्री ने एनआईआईटी फाउंडेशन और इंडस टावर्स के संयुक्त प्रयास को ग्रामीण डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में सराहनीय कदम बताया।

कार्यक्रम में जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, श्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, श्री सुनील गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। इस अवसर पर एनआईआईटी फाउंडेशन के नेशनल हेड श्री पूर्णेन्दु हुड्डा, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर श्री जितेंद्र राठौर, इंडस टावर्स के प्रतिनिधि श्री रजनीश और एनआईआईटी फाउंडेशन की जशपुर टीम के सदस्य भी मौजूद रहे।

 

 

 

यह भी पढ़ें –रायपुर : राज्यपाल श्री डेका ने भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की पुण्यतिथि पर उन्हें किया नमन

Share This Article
Leave a Comment