बनगांव में करम पूजा महोत्सव, साय ने की विकास घोषणाएं

CG DARSHAN
4 Min Read
4 Min Read

जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के ग्राम बनगांव में आयोजित करम पूजा महोत्सव 2026 के समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। उन्होंने करम राजा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर भगवान महादेव, माता पार्वती, छत्तीसगढ़ महतारी और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मांदर की थाप पर 6 हजार से अधिक लोगों ने किया सामूहिक नृत्य

समारोह में जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक लोककलाओं की आकर्षक झलक देखने को मिली। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से आए नर्तक दलों और उरांव समाज के 6 हजार से अधिक लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में मांदर, ढोल और नगाड़ों की थाप पर सामूहिक नृत्य किया। मुख्यमंत्री साय भी नर्तक दलों के साथ थिरके और कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि करम पूजा महोत्सव 2026 हमारी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और पूर्वजों की अमूल्य विरासत का प्रतीक है। यह पर्व प्रकृति के प्रति प्रेम, सम्मान और संरक्षण की भावना के साथ सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश देता है।

बनगांव में सामाजिक भवन और सीसी रोड के लिए 70 लाख रुपये की घोषणा

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं कीं। ग्राम बनगांव में सामाजिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये और सीसी रोड निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा बनगांव में अखड़ा निर्माण और सहसपुर में मिनी स्टेडियम बनाने की भी घोषणा की गई।

युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी रहे

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक शिक्षा और विकास के साथ अपनी सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखना भी जरूरी है। युवा पीढ़ी अपनी भाषा, लोकगीतों, लोकनृत्यों, रीति-रिवाजों और पारंपरिक पर्वों से जुड़ी रहे, ताकि यह विरासत आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंच सके। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकजुटता को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को पूर्वजों के जीवन मूल्यों से परिचित कराते हैं।

जनजातीय वीर नायकों के योगदान को किया याद

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रानी दुर्गावती, भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर, गेंद सिंह और वीर बुधु भगत जैसे जनजातीय नायकों के शौर्य और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि इन महान व्यक्तित्वों ने अपने संघर्ष और साहस से देश के इतिहास में विशेष स्थान बनाया है। उनका जीवन समाज के प्रति समर्पण और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देता है।

जशपुर में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं का हो रहा विस्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि जशपुर जिले में मेडिकल की पढ़ाई शुरू हो चुकी है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और आर्चरी अकादमी विकसित की जा रही है। कुनकुरी विकासखंड के हर्राडांड़ में 400 केवी विद्युत सब स्टेशन स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ ही जिले में सड़क, पुल-पुलिया, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए भी कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ जशपुर के हर गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। करम पूजा महोत्सव 2026 जैसे आयोजन जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के साथ सामाजिक सद्भाव और सामूहिक सहभागिता को भी प्रोत्साहित करते हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, महोत्सव समिति के अध्यक्ष वेद प्रकाश भगत, कार्यकारी अध्यक्ष बलराम भगत सहित आयोजन समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 

 

यह भी पढ़ें –रायपुर : डीएमएफ की कार्ययोजना में पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना को दें प्राथमिकता – राज्यपाल श्री डेका

Share This Article
Leave a Comment