छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर लोक निर्माण विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभागीय सचिव मुकेश कुमार बंसल ने जशपुर और पत्थलगांव संभाग में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। इस दौरान बगीचा में निर्माणाधीन पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन का काम अमानक स्तर का पाए जाने पर संबंधित उप अभियंता रमेश प्रसाद सिंह को निलंबित कर दिया गया।
अमानक निर्माण कार्य पर तत्काल हुई कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बगीचा पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन के निर्माण में गुणवत्ता संबंधी गंभीर खामियां पाईं। उन्होंने इसे निर्माण कार्यों में गंभीर अनियमितता मानते हुए उप अभियंता रमेश प्रसाद सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए। निर्देश के बाद प्रमुख अभियंता कार्यालय ने तत्काल प्रभाव से निलंबन आदेश जारी कर दिया।
निलंबन अवधि के दौरान उप अभियंता का मुख्यालय नवा रायपुर स्थित प्रमुख अभियंता कार्यालय निर्धारित किया गया है। इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि सरकारी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
सचिव ने केंद्रीय सड़क निधि (सीआरएफ) के अंतर्गत लुडेग-तपकरा-लवाकेरा मार्ग के 41 किलोमीटर लंबे हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। यह मार्ग एसएच-4 के अंतर्गत आता है। उन्होंने निर्माण एजेंसी की प्रयोगशाला और डामर प्लांट का जायजा लेकर निर्माण प्रक्रिया की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदार को काम में तेजी लाने के साथ-साथ निर्माण के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
जशपुर की दो प्रमुख सड़कों के निर्माण की समीक्षा
जशपुर प्रवास के दौरान मुकेश कुमार बंसल ने जशपुर-सन्ना मार्ग के 17.60 किलोमीटर हिस्से के सुदृढ़ीकरण कार्य की समीक्षा की। इस परियोजना के लिए 13 करोड़ 56 लाख 88 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कार्य जल्द शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा।
इसके अलावा आस्ता-कुसमी मार्ग के 28 किलोमीटर हिस्से के उन्नयन एवं मजबूतीकरण कार्य की भी समीक्षा की गई। इस सड़क के निर्माण के लिए 35 करोड़ 86 लाख 99 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है। सचिव ने संबंधित अधिकारियों को काम में तेजी लाकर निर्माण शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी पर जोर
निरीक्षण के दौरान सचिव ने जशपुर और पत्थलगांव संभाग में संचालित अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली। उन्होंने अधिकारियों को नियमित पर्यवेक्षण करने और सभी परियोजनाओं को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।
बगीचा पॉलिटेक्निक कॉलेज भवन के निर्माण में मिली खामियों पर हुई कार्रवाई के साथ विभाग ने अन्य परियोजनाओं की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा है। निरीक्षण में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता व्ही.के. भतपहरी, सरगुजा परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता के.पी. संत, अंबिकापुर मंडल के अधीक्षण अभियंता आर.एस. तोमर, पत्थलगांव संभाग के कार्यपालन अभियंता ए.डी. बंजारा और जशपुर संभाग के कार्यपालन अभियंता क्षीरसागर सेठ उपस्थित रहे।

