गरियाबंद। कलेक्टर भगवान सिंह उईके ने देर से दफ्तर आने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ा संदेश दिया है। सोमवार को उन्होंने कलेक्टोरेट का मुख्य गेट समय पर बंद करवा दिया, ताकि लेटलतीफ अधिकारियों को अनुशासन का सबक मिले।
कलेक्टर उईके स्वयं समय के पाबंद माने जाते हैं और प्रतिदिन सुबह 10 से 10:30 बजे के बीच कार्यालय पहुंचते हैं। बावजूद इसके, कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी लगातार देर से आने की आदत छोड़ नहीं रहे थे। इससे पहले भी कलेक्टर ने औचक निरीक्षण कर नोटिस थमाए थे, लेकिन सुधार दिखाई नहीं दिया।
सोमवार को जब अधिकारी और कर्मचारी फिर समय से नहीं पहुंचे, तो कलेक्टर ने ठीक 10:30 बजे कलेक्टोरेट का गेट बंद कर दिया। उन्होंने स्वयं स्थिति का निरीक्षण किया और उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी दी।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि यह अंतिम चेतावनी है। यदि भविष्य में भी कोई अधिकारी या कर्मचारी समय का पालन नहीं करता है, तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने सभी से अनुशासन और समय की पाबंदी बनाए रखने की अपील की है।
