महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए छत्तीसगढ़ में शुरू हुआ ‘दीदी के गोठ’ रेडियो कार्यक्रम.

Cgdarshan
2 Min Read
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के रायपुर से रविवार को महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए ‘दीदी के गोठ’ नामक विशेष रेडियो कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम हर महीने के अंतिम रविवार को दोपहर 12.15 बजे आकाशवाणी रायपुर सहित राज्य के सभी आकाशवाणी केंद्रों से प्रसारित होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. विष्णु देव साय ने अपने संदेश में कहा कि बिहान योजना से जुड़ी महिलाओं ने मेहनत और आत्मविश्वास से न केवल अपने परिवार को संभाला, बल्कि गांव की अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी बन चुकी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘दीदी के गोठ’ हर महिला और परिवार के लिए प्रेरणादायक सिद्ध होगा।

डिप्टी मुख्यमंत्री और पंचायत मंत्री डॉ. विजय शर्मा ने कवर्धा जिले में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और स्व-सहायता समूह की महिलाओं के साथ सामूहिक रूप से कार्यक्रम सुना। उन्होंने कहा कि बिहान से जुड़ी बहनों ने आत्मनिर्भरता की नई मिसाल कायम की है। लाखों महिलाएं इस योजना से जुड़कर प्रगति कर रही हैं और कई महिलाएं लखपति दीदी के रूप में उभर रही हैं।

‘दीदी के गोठ’ कार्यक्रम में बिहान से जुड़ी महिलाओं की सफलता की कहानियां साझा की जाएंगी। साथ ही, राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। प्रदेश में 2 लाख 74 हजार से अधिक महिला स्व-सहायता समूह कार्यरत हैं, जिनसे लगभग 29 लाख 96 हजार महिलाएं जुड़ी हुई हैं। इनकी मेहनत से गांवों में उद्योग और शहरों में व्यापार का विस्तार हो रहा है।

विशेष प्रसारण को पूरे प्रदेश में उत्साह के साथ सुना गया। 33 जिलों, 146 विकासखंडों और 580 संकुल संगठनों में सामूहिक श्रवण का आयोजन किया गया। लाखों महिलाओं ने इस कार्यक्रम से जुड़कर अपनी सहभागिता दर्ज की और ‘दीदी के गोठ’ को सराहा।

Share This Article
Leave a Comment