छत्तीसगढ़ में तीन दिन तक झमाझम बारिश, रायपुर-बिलासपुर-दुर्ग में अलर्ट.

Cgdarshan
2 Min Read
2 Min Read

छत्तीसगढ़ में मानसून सितंबर की शुरुआत के साथ एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन प्रदेश में झमाझम वर्षा की संभावना जताई है। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग में 2 से 4 सितंबर तक भारी से अति भारी बारिश की स्थिति बन सकती है।

सोमवार को दोपहर रायपुर में मौसम अचानक बदला। तेज गरज-चमक के साथ करीब एक घंटे तक झमाझम बारिश हुई। लालपुर मौसम वेधशाला में मात्र एक घंटे में 34 मिमी. वर्षा दर्ज की गई। सुबह धूप और उमस से लोग परेशान थे, लेकिन दोपहर की वर्षा से मौसम सुहावना हो गया।

अगस्त महीने में प्रदेश में औसत से कम बारिश हुई थी। रायपुर जिले में 178 मिमी. वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 156 मिमी. कम रही। हालांकि पूरे प्रदेश में अब तक 908 मिमी. बारिश हो चुकी है, जो औसत से सिर्फ 4 मिमी. कम है।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी और म्यांमार तट के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवात बना हुआ है। इसके प्रभाव से बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसका असर सीधे छत्तीसगढ़ के मध्य हिस्सों में दिखेगा।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले चौबीस घंटे में बिलासपुर और रायपुर संभाग के पूर्वी जिलों में भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा दुर्ग संभाग में भी कुछ स्थानों पर जोरदार बारिश के आसार हैं।

सितंबर में मानसून की सक्रियता जारी रहने से कृषि और जलस्तर दोनों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Share This Article
Leave a Comment