एमपी से अवैध धान तस्करी का बड़ा खुलासा: पेंड्रा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

एमपी से अवैध धान तस्करी का भंडाफोड़, पेंड्रा प्रशासन ने 40 क्विंटल धान जब्त किया

Cgdarshan
2 Min Read
2 Min Read

पेंड्रा क्षेत्र में गुरुवार सुबह प्रशासनिक टीम ने अवैध धान तस्करी का बड़ा मामला उजागर किया। मध्य प्रदेश से छत्तीसगढ़ में धान खपाने की कोशिश कर रहे एक तस्कर को उड़नदस्ता टीम ने बचरवार–बगड़ी रोड पर गश्त के दौरान रंगे हाथों पकड़ लिया। संदिग्ध पिकअप वाहन पर कार्रवाई करने के लिए जब टीम ने उसे रुकवाया, तो चालक भागने की कोशिश करने लगा।

थोड़ी पीछा-पकड़ी के बाद बचरवार गांव के पास वाहन को रोका गया और जांच में 40 क्विंटल धान बरामद हुआ, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1,24,000 रुपये आंकी गई। पूछताछ में आरोपी की पहचान रवि गुप्ता, निवासी धोबहर के रूप में हुई। वह धान को एमपी के करंजिया से छत्तीसगढ़ के धोबहर में बेचने के इरादे से ला रहा था।

दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर प्रशासन ने वाहन और धान को जब्त कर पुलिस लाइन अमरपुर में जमा कराया। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व तहसीलदार अविनाश कुजूर ने किया, जिनके साथ फूड इंस्पेक्टर जितेंद्र वासुदेव, पटवारी विनोद जगत और उड़नदस्ता दल मौजूद था।

अधिकारियों ने बताया कि समर्थन मूल्य खरीदी के दौरान बाहरी राज्यों से आने वाले अवैध धान पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी सतर्कता के तहत यह बड़ी सफलता मिली है। प्रशासन का कहना है कि धान तस्करी गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में मंडी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस घटना के बाद क्षेत्र में अवैध धान परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

Share This Article
Leave a Comment