राष्ट्रीय राजमार्ग पर लूट-हत्या का पर्दाफाश, बिलासपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई से टूटा अपराधियों का गिरोह

राष्ट्रीय राजमार्ग लूट-हत्या मामले में बिलासपुर पुलिस की बड़ी सफलता, तीन शातिर आरोपी गिरफ्तार

CG DARSHAN
2 Min Read
2 Min Read

बिलासपुर, 18 जनवरी 2026। छत्तीसगढ़ में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग लूट-हत्या गिरोह पर बिलासपुर पुलिस ने निर्णायक कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आदतन अपराधियों के एक गिरोह को गिरफ्तार कर जघन्य अपराध का खुलासा किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ट्रक चालकों को निशाना बनाकर सुनसान स्थानों पर लूटपाट की वारदात को अंजाम देते थे। अगस्त 2025 में कोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत घटित घटना में ट्रक चालक के हेल्पर पारस केंवट की चाकू से गंभीर चोट लगने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए ए.सी.सी.यू. बिलासपुर (सायबर सेल) और थाना कोनी की संयुक्त टीम ने मोर्चा संभाला। घटना स्थल और आसपास के इलाकों के 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच, तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय सूचना के आधार पर तीन संदिग्धों की पहचान की गई। पूछताछ में आरोपियों जय दिवाकर, सूरज साहू और प्रदीप धुरी ने कोनी के साथ-साथ हिर्री और चकरभाठा क्षेत्र में भी लूट की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बजाज पल्सर मोटरसाइकिल, धारदार चाकू, मोबाइल फोन और नगद राशि बरामद की है। सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। इस सफल कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारियों और जवानों की सराहना करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा नगद पुरस्कार की घोषणा भी की गई है।

Share This Article
Leave a Comment