रमेन डेका की पहल पर आम नागरिकों को शासन-प्रशासन की गतिविधियों से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से रायपुर स्थित लोकभवन का शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में बेमेतरा जिले के गोद ग्राम टेमरी के जनप्रतिनिधि, स्व-सहायता समूहों की सदस्याएँ एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक लोकभवन का अवलोकन किया।
सरपंच श्री शिवमूर्ति कोसले तथा विहान स्व-सहायता समूह की प्रमुख सुश्री गीता बंजारे के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों को लोकभवन परिसर के विभिन्न प्रमुख स्थलों—छत्तीसगढ़ मंडपम, उदंती परिसर, कन्हार परिसर, डिस्पेंसरी, सचिवालय की शाखाओं एवं आकर्षक उद्यानों—की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
भ्रमण के दौरान 1971 के भारत-पाक युद्ध में प्रयुक्त ऐतिहासिक तोप ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। ग्रामीणों ने इस अनुभव को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी और यादगार बताया।
उल्लेखनीय है कि टेमरी ग्राम को राज्यपाल द्वारा गोद लेकर उसके समग्र विकास के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। यह पहल शासन और ग्रामीण समाज के बीच संवाद, पारदर्शिता और विश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

