रमेन डेका द्वारा नागरिकों को शासन-प्रशासन की गतिविधियों से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ने के उद्देश्य से रायपुर स्थित लोकभवन में विशेष भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी पहल के अंतर्गत बेमेतरा जिले के गोद ग्राम टेमरी के जनप्रतिनिधि, स्व-सहायता समूहों की महिलाएँ और ग्रामीण उत्साहपूर्वक लोकभवन पहुंचे।
सरपंच श्री शिवमूर्ति कोसले और विहान स्व-सहायता समूह की प्रमुख सुश्री गीता बंजारे के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल को लोकभवन परिसर के प्रमुख स्थलों—छत्तीसगढ़ मंडपम, उदंती एवं कन्हार परिसर, डिस्पेंसरी, सचिवालय की विभिन्न शाखाओं तथा सुसज्जित उद्यानों—का विस्तृत परिचय दिया गया।
ग्रामीणों ने परिसर में प्रदर्शित 1971 के भारत-पाक युद्ध में प्रयुक्त ऐतिहासिक तोप का भी अवलोकन किया, जिसने सभी में गर्व और जिज्ञासा का भाव उत्पन्न किया। भ्रमण के पश्चात ग्रामीणों ने इसे प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक अनुभव बताया।
उल्लेखनीय है कि टेमरी ग्राम को राज्यपाल द्वारा गोद लेकर उसके सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह पहल शासन और ग्रामीण समाज के बीच पारदर्शिता, सहभागिता और विश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

