नवा रायपुर स्थित संवाद कार्यालय में जनसंपर्क संचालनालय एवं जिला जनसंपर्क अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल द्वारा की गई। बैठक में वर्तमान संचार परिदृश्य के अनुरूप कार्यप्रणाली में सुधार तथा डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल दिया गया।
आयुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि जनसंपर्क अधिकारियों को न्यू एज मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स में दक्षता विकसित करनी होगी, ताकि शासन की नीतियों एवं योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी संप्रेषण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क तंत्र की भूमिका शासन और नागरिकों के मध्य समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण है।
बैठक में विभागीय समन्वय को सुदृढ़ करने के लिए सचिव स्तर से लेकर जिला स्तर तक नियमित संवाद बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया गया। सूचना के प्रभावी आदान-प्रदान के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करना आवश्यक बताया गया।
मीडिया समन्वय के संदर्भ में निर्देशित किया गया कि प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल माध्यमों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखा जाए, जिससे शासन की योजनाओं एवं कार्यक्रमों का व्यापक प्रसार सुनिश्चित किया जा सके।
इसके अतिरिक्त, कार्य निष्पादन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु परिणाम आधारित मूल्यांकन प्रणाली लागू करने की जानकारी दी गई। अधिकारियों के कार्यों का मूल्यांकन उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि प्रचार-प्रसार कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में तीन जिला जनसंपर्क अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।
उक्त बैठक प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में परिलक्षित होती है।

