रायपुर में जल संकट पर सियासत गरम: AAP का हमला, बोली- पानी के लिए तरस रही जनता

CG DARSHAN
CG DARSHAN 2 Min Read
2 Min Read
Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर इस समय गंभीर जल संकट से जूझ रही है, जिसे लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने राज्य सरकार और नगर निगम पर तीखा हमला बोला है। पार्टी नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि शहर के कई प्रमुख इलाकों में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

AAP के अनुसार चंगोराभाटा, रायपुरा, मोवा, पंडरी, दलदल सिवनी, सुंदर नगर सहित कई क्षेत्रों में जल स्तर लगातार गिर रहा है और पानी की सप्लाई बेहद कमजोर हो चुकी है। कई इलाकों में नलों में लो प्रेशर की समस्या बनी हुई है, तो कहीं 10-15 दिनों से पानी की नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही। हालात इतने खराब हैं कि पानी के टैंकर आते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ती है।

पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्षों से सत्ता में रही सरकारें बुनियादी सुविधाओं को लेकर गंभीर नहीं रहीं। उन्होंने कहा कि यह संकट केवल वर्तमान समस्या नहीं, बल्कि लंबे समय से चली आ रही लापरवाही और कुप्रबंधन का परिणाम है। AAP ने सवाल उठाया कि हर साल जल संकट के बावजूद स्थायी समाधान की कोई ठोस योजना क्यों नहीं बनाई गई।

आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो पार्टी जनता के साथ मिलकर रायपुर नगर निगम का घेराव करेगी। उन्होंने इसे जनता के अधिकारों की लड़ाई बताते हुए कहा कि अब इस मुद्दे पर बड़ा जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment