भारतीय रेलवे डिजिटल सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। इसी कड़ी में IRCTC वेबसाइट का नया बीटा संस्करण तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य टिकट बुकिंग को आसान बनाना और यात्रियों को तेज सेवा उपलब्ध कराना है। वेबसाइट का परीक्षण जयपुर के एमएनआईटी के छात्रों के सुझावों के आधार पर किया गया है।
IRCTC वेबसाइट में क्या होंगे नए बदलाव?
नई वेबसाइट का इंटरफेस पहले से अधिक सरल बनाया गया है। यात्रियों को अब बार-बार कैप्चा या अनावश्यक पॉप-अप का सामना नहीं करना पड़ेगा। सभी श्रेणियों में उपलब्ध सीटों की जानकारी एक ही स्क्रीन पर दिखाई देगी। इससे सही विकल्प चुनने में कम समय लगेगा।
बुकिंग प्रक्रिया में भी बदलाव किया गया है। पहले की तुलना में कम चरण पूरे करने होंगे। इससे टिकट जल्दी बुक हो सकेगा। साथ ही, एक बार दर्ज की गई यात्री जानकारी सुरक्षित रहेगी, जिससे अगली बार टिकट बुक करना और आसान हो जाएगा।
IRCTC वेबसाइट नए रिजर्वेशन सिस्टम से होगी कनेक्ट
भारतीय रेलवे अपने लगभग चार दशक पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम को आधुनिक तकनीक से अपग्रेड कर रहा है। नया सिस्टम अधिक क्षमता के साथ काम करेगा। इससे वेबसाइट और मोबाइल प्लेटफॉर्म पर टिकट बुकिंग का अनुभव पहले से अधिक तेज और स्थिर होने की संभावना है।
एक नजर में
- वेबसाइट का नया बीटा संस्करण तैयार।
- कैप्चा और अनावश्यक ग्राफिक्स में कमी।
- सभी क्लास की सीटें एक साथ दिखाई देंगी।
- कम चरणों में पूरी होगी टिकट बुकिंग।
- यात्रियों की जानकारी सुरक्षित रहेगी।
तत्काल टिकट बुकिंग पर भी रहेगा फोकस
रेलवे ने बताया कि तत्काल टिकटों की बुकिंग के दौरान बॉट्स के उपयोग को रोकने के लिए लगातार तकनीकी सुधार किए जा रहे हैं। विभाग का कहना है कि पहले की तुलना में स्थिति बेहतर हुई है। हालांकि, इस चुनौती से पूरी तरह निपटने के लिए आगे भी नई तकनीकों का इस्तेमाल जारी रहेगा।
यात्रियों को क्या मिलेगा फायदा?
- तेज और सरल टिकट बुकिंग प्रक्रिया।
- बेहतर यूजर इंटरफेस।
- कम समय में सीट उपलब्धता की जानकारी।
- दोबारा टिकट बुक करने में आसानी।
- सुरक्षित और अधिक विश्वसनीय ऑनलाइन सेवा।

