छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बालोद जिले के ग्राम भेंडरा पहुंचकर दिवंगत अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर अंतिम दर्शन किए। इसके बाद मुख्यमंत्री उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें विदाई दी।
सरल व्यक्तित्व और जनसेवा को किया याद
इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिवंगत विधायक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का निधन क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी क्षति है। यह उनके लिए भी व्यक्तिगत रूप से अत्यंत दुखद है।
मुख्यमंत्री ने उनके व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि उनका सहज स्वभाव, आत्मीय व्यवहार और समाज के प्रति समर्पण हमेशा लोगों की स्मृतियों में बना रहेगा। जनसेवा के प्रति उनकी निष्ठा और योगदान को सदैव याद किया जाएगा।
परिजनों को बंधाया ढांढस, व्यक्त की संवेदना
मुख्यमंत्री श्री साय ने दिवंगत विधायक के शोकाकुल परिवार से मिलकर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार को इस कठिन परिस्थिति का सामना करने की शक्ति प्रदान करें।
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन से बालोद जिले और अहिवारा विधानसभा क्षेत्र में शोक का माहौल है। उनके निधन से सार्वजनिक जीवन में एक बड़ी रिक्तता उत्पन्न हुई है।
यह भी पढ़ें – रायपुर : ई-रिक्शा खरीदने के लिए निर्माण महिला श्रमिकों को मिलेगा एक लाख रुपए का अनुदान

