छत्तीसगढ़ के Korba जिले में स्थित बांधाखार पावर प्लांट में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। मारुति क्लीन कोल पावर प्लांट के 300 मेगावाट यूनिट के ट्रांसफार्मर में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया। इस घटना के बाद प्लांट में बिजली उत्पादन पूरी तरह बंद हो गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई।
मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब 1:45 बजे ट्रांसफार्मर में अचानक ब्लास्ट हुआ। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और कुछ ही देर में आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। प्लांट के सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल स्थिति को संभालते हुए प्रबंधन और दमकल विभाग को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही चाकाबूड़ा स्थित एसीबी प्लांट से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ट्रांसफार्मर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। प्रारंभिक तौर पर इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
इस दुर्घटना के चलते 300 मेगावाट यूनिट से बिजली उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया है। सूत्रों के मुताबिक, प्लांट में एक वैकल्पिक ट्रांसफार्मर मौजूद है, जिसे चालू कर जल्द उत्पादन बहाल करने की कोशिश की जा रही है। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम नुकसान का आकलन करने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
राहत की बात यह रही कि घटना रात के समय हुई, जब प्लांट में कर्मचारियों की संख्या कम थी। इस वजह से कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल प्रशासन और प्लांट प्रबंधन स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जल्द से जल्द स्थिति सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

