15 अगस्त को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मुख्य समारोह का आयोजन पुलिस परेड ग्राउंड में होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय यहां तिरंगा फहराएंगे और प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। समारोह में उन्हें संयुक्त परेड की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस रायपुर 2025 को गरिमापूर्ण और भव्य बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। राज्य स्तर पर समन्वय बैठक में आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। बैठक में सभी विभागों को राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
परेड की जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के पुलिस महानिरीक्षक को सौंपी गई है। बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, नगर सेना, एनसीसी कैडेट्स इसमें भाग लेंगे। मुख्यमंत्री का संबोधन आकाशवाणी और दूरदर्शन पर पूरे प्रदेश में प्रसारित किया जाएगा। मुख्य समारोह के बाद बच्चों द्वारा देशभक्ति गीतों और नृत्यों की प्रस्तुति दी जाएगी। स्कूली बच्चों के इन कार्यक्रमों के लिए शिक्षा विभाग अलग से जूरी बनाएगा।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कार और पदक प्रदान किए जाएंगे। विभागों को 29 जुलाई 2025 तक नामों की सूची सामान्य प्रशासन विभाग को भेजनी होगी। रायपुर नगर निगम, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को समारोह व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है। जिला, विकासखंड और पंचायत स्तर पर भी आयोजन और प्रदर्शनी करने के निर्देश कलेक्टरों को दिए गए हैं।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीद जवानों के परिजनों को भी विशेष सम्मान के साथ आमंत्रित किया जाएगा। सार्वजनिक भवनों और राष्ट्रीय स्मारकों पर रात्रि प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। निजी संस्थानों से भी ध्वजारोहण और रोशनी की अपील की गई है।
